दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में एक होटल में भीषण आग लगने से कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है, क्योंकि बचाव और पहचान का काम अभी जारी है।
यह आग बुधवार की सुबह करीब 8:50 बजे एक बहुमंजिला इमारत में स्थित ‘फ्लावरिश स्टे’ होटल के बेसमेंट रेस्तरां में लगी। आग की लपटें जल्द ही बगल के ‘मिकासा इन’ होटल तक फैल गईं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतकों में बड़ी संख्या में विदेशी नागरिक हो सकते हैं, जिनमें मध्य एशियाई और अफ्रीकी देशों के लोग शामिल बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग के कई वाहन मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के काम में जुट गए। यह इलाका छात्रों और युवा पेशेवरों के बीच काफी लोकप्रिय है।
बचाव अभियान चलाकर इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। 40 से ज़्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता मिली।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, आग में घायल हुए लोगों को 50,000 रुपये की मदद दी जाएगी।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से बताया गया है कि सरकार इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना से प्रभावित लोगों को हर संभव मदद पहुंचा रही है। प्रधानमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
